रक्षाबंधन पर दिल्ली से उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच यूपी रोडवेज ने बड़ा ट्रांसपोर्ट प्लान तैयार किया है. त्योहार के दौरान महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के साथ ही आनंद विहार ISBT से अतिरिक्त बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा. इससे राखी के मौके पर मायके जाने वाली बहनों और उनके साथ सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
रक्षाबंधन के मौके पर महिला यात्रियों को यूपी रोडवेज की बसों में किराया नहीं देना होगा. यह सुविधा आज यानी 27 अगस्त सुबह 6 बजे से शुरू होकर 29 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी. इस दौरान दिल्ली से उत्तर प्रदेश जाने वाली बसों में यात्रा करने वाली प्रत्येक महिला के साथ एक सहयात्री भी बिना किराया दिए सफर कर सकेगा.
त्योहार से पहले ही आनंद विहार पर बढ़ने लगी भीड़
रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ आनंद विहार ISBT पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों और कस्बों की तरफ जाने वाले यात्री बड़ी संख्या में बस अड्डे पहुंच रहे हैं. बसों में सीट के लिए भीड़ बढ़ने के कारण रोडवेज ने सामान्य संचालन से अलग अतिरिक्त व्यवस्था करने की तैयारी की है.
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) एवं सिटी बस सेवा की बसों में सभी बहनों, बेटियों और माताओं को एक सहयात्री के साथ 27, 28 और 29 अगस्त, 2026 तक तीन दिनों की निःशुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी। मैं मातृशक्ति का अभिनंदन करते हुए उन्हें हृदय से बधाई… pic.twitter.com/8q7t20oBay
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) August 26, 2026
6 दिनों में चलेंगी 400 अतिरिक्त बसें
यात्रियों की मांग को देखते हुए 26 से 31 अगस्त के बीच करीब 400 अतिरिक्त बसें चलाने की योजना बनाई गई है. सामान्य दिनों में आनंद विहार से UPSRTC की करीब 850 से 900 बसें संचालित होती हैं. त्योहार के दौरान यात्री संख्या में होने वाली वृद्धि को देखते हुए जरूरत वाले रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी.
यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों से दोगुने से भी ज्यादा
आनंद विहार ISBT के UPSRTC बुकिंग क्लर्क सुधीर गोंड ने बताया कि रक्षाबंधन के कारण यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में दो गुने से ज्यादा हो गई है. यही वजह है कि केवल बसों की संख्या बढ़ाने के बजाय टर्मिनल पर यात्रियों की आवाजाही को संभालने के लिए भी अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं.
दबाव वाले रूट पर भेजी जाएंगी अतिरिक्त बसें
रोडवेज ने सभी रूट पर एक समान तरीके से बसें बढ़ाने के बजाय यात्रियों की मांग के हिसाब से व्यवस्था करने की तैयारी की है. 27 से 29 अगस्त के बीच जिन मार्गों पर अधिक भीड़ होगी, वहां अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. इससे यात्रियों को बस के लिए ज्यादा देर तक इंतजार करने से राहत मिल सकती है.
टिकट काउंटर से लेकर प्रवेश-निकास तक बदलेगी व्यवस्था
त्योहार की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आनंद विहार ISBT पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और बैरियर लगाए जाएंगे. यात्रियों के आने-जाने के लिए प्रवेश और निकासी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा. रोडवेज कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी संभालने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीड़ के बीच यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा प्रभावित न हो.
चालक-परिचालकों को भी होगा फायदा
रक्षाबंधन के दौरान बढ़े बस संचालन का असर चालक और परिचालकों की ड्यूटी पर भी पड़ेगा. अतिरिक्त बसों को चलाने के लिए ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया गया है. इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान अतिरिक्त सेवाओं के लिए पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध रखना है.
0.55 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से मिलेगा प्रोत्साहन
अधिकारियों के अनुसार, 26 से 31 अगस्त के बीच अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों को 0.55 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. छह दिनों की अवधि में यह अतिरिक्त भुगतान करीब 1200 रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है.
