सावधान! डिलीवरी ब्वाय बनकर बदमाश ने सास-बहू को चाकू दिखाया, घर से लूटे सोने के जेवर

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। अगर आपके घर पर कोई डिलीवरी ब्वाय बनकर पहुंचे तो बिना पूरी तरह पहचान किए दरवाजा खोलने से पहले सतर्क हो जाएं। सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीन फील्ड चौकी इलाके में डिलीवरी ब्वाय बनकर घर में घुसे एक बदमाश ने सास-बहू को चाकू दिखाकर सोने के जेवर लूट लिए। वारदात से पहले एक युवक ने घर पहुंचकर अमेजन के पार्सल के बारे में पूछताछ की थी, जबकि कुछ देर बाद दूसरा युवक डिलीवरी ब्वाय बनकर पहुंचा और घर में घुसकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रीन फील्ड कालोनी निवासी सीमा कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय वह अपनी सास उर्मिला देवी के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान एक युवक उनके घर पहुंचा और पूछा कि क्या अमेजन से उनका पार्सल मिल गया है। सीमा ने पार्सल नहीं मिलने की बात कही तो युवक वहां से चला गया।

डिलीवरी ब्वाय समझकर खोला दरवाजा

कुछ समय बाद दूसरा युवक डिलीवरी ब्वाय बनकर उनके घर पहुंचा। उस समय सीमा कमरे के अंदर थीं। उनकी सास उर्मिला देवी ने उसे डिलीवरी ब्वाय समझकर दरवाजा खोल दिया और सीमा को बुलाने के लिए अंदर चली गईं। सीमा जैसे ही कमरे से बाहर आईं तो उन्होंने युवक को हाथ में चाकू लिए घर के अंदर खड़ा देखा। इससे दोनों महिलाएं घबरा गईं।

चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

आरोपित ने चाकू दिखाकर दोनों महिलाओं को जान से मारने की धमकी दी और नकदी की मांग की। सीमा ने घर में नकदी नहीं होने की बात कही तो बदमाश ने उनसे जेवर देने को कहा। डर के कारण सीमा ने करीब चार ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, करीब तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और सोने व डायमंड के कानों के टॉप्स उतारकर बदमाश को दे दिए। इसके बाद आरोपित ने उनकी सास उर्मिला देवी से भी जेवर देने को कहा। उर्मिला देवी ने सोने की चेन, लाकेट और कानों के कुंडल उतारकर बदमाश को दे दिए। जेवर समेटने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

पहले रेकी, फिर डिलीवरी ब्वाय बनकर वारदात?

घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात से पहले पार्सल के बारे में पूछताछ करने वाला युवक और डिलीवरी ब्वाय बनकर लूट करने वाला आरोपित एक ही गिरोह के सदस्य हैं या नहीं। पुलिस आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

लोगों से अपील: अनजान डिलीवरी कर्मियों से रहें सतर्क

इस घटना के बाद लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। किसी भी डिलीवरी कर्मी या अनजान व्यक्ति को बिना पहचान की पुष्टि किए घर के अंदर न आने दें। पार्सल की जानकारी संबंधित कंपनी के ऐप या ओटीपी के जरिए सत्यापित करें और संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। खासकर घर में बुजुर्ग या महिलाएं अकेली हों तो दरवाजा खोलने से पहले पूरी सावधानी बरतें। एक छोटी सी लापरवाही अपराधियों को वारदात का मौका दे सकती है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top