पंचकूला के पिंजौर में रौनक होटल के सामने वाली गली में एक बुटीक शॉप के अंदर महिला की गला काटकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान राजेंद्र कौर के रूप में हुई है, जो रतपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी और अपना बुटीक चलाती थी. जानकारी के अनुसार, महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में दुकान के बाहर गली में पड़ी थी और उसके हाथ में एक डायरी थी.
स्थानीय लोगों ने जब उसे देखा तो राजू नामक व्यक्ति को इसकी सूचना दी. राजू ने एक बाइक सवार की मदद से महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉ राजीव भारद्वाज के मुताबिक, महिला की हालत बेहद गंभीर थी और उसका गला पूरी तरह कटा हुआ था. वह पूरी तरह होश में नहीं थी. डॉक्टरों ने उपचार का प्रयास किया लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. शव को कालका अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है.
CCTV में कैद हुई वारदात
संदिग्ध घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक व्यक्ति बुटीक के अंदर जाता हुआ दिखाई दे रहा है.
कुछ देर बाद वही व्यक्ति दुकान से बाहर निकलकर शटर बंद करता नजर आया. इसके बाद घायल राजेंद्र कौर ने खुद दुकान का शटर खोला और बाहर निकली. CCTV फुटेज में वह गंभीर रूप से घायल हालत में तड़पती हुई भी दिखाई दे रही है.
‘मुझे मारने वाला मेरा पति है…’
मामले में सबसे सनसनीखेज पहलू यह सामने आया है कि महिला के पास से बरामद डायरी में कथित तौर पर लिखा मिला, “मुझे मारने वाला मेरा पति है, प्लीज हेल्प…व सास और मेरी दो ननदें प्रीति व नीतू हैं और मेरा देवर है.”
बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था. डायरी में लिखी बातों और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, डायरी में लिखी बातों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है. महिला की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा.
गुरुग्राम में सड़क का बड़ा हिस्सा धंसा, बाल-बाल बची लोगों की जान
