गुरुग्राम, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। सुबह करीब 4 बजे से जारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी जमा होने के साथ यातायात प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं।

ट्रैफिक का दबाव कम करने और लोगों को जाम से बचाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों और संस्थानों से अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है। एडवाइजरी का उद्देश्य बारिश और जलभराव के बीच सड़कों पर वाहनों की संख्या को कम करना है।
नगर निगम की सदन बैठक स्थगित
जलभराव की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम नगर निगम की प्रस्तावित सदन बैठक भी स्थगित कर दी गई है। नगर निगम के अधिकारियों को बैठक में मौजूद रहने के बजाय फील्ड में उतरकर जल निकासी व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर उन इलाकों में तत्काल राहत पहुंचाने पर है, जहां बारिश के कारण पानी जमा हो गया है। अधिकारियों को पंप और अन्य संसाधनों के जरिए जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
सेक्टर-52, गोल्फ कोर्स रोड समेत कई इलाकों में परेशानी
भारी बारिश के बाद सेक्टर-52, गोल्फ कोर्स रोड और पुराने गुरुग्राम के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति सामने आई है। कुछ स्थानों पर पानी घरों के आसपास और अंदर तक पहुंचने की बात भी सामने आई है। जलभराव के कारण वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हर मानसून में गुरुग्राम में जलभराव एक बड़ी समस्या बनकर सामने आता है। नगर निगम और जीएमडीए की ओर से मानसून से पहले ड्रेनेज की सफाई और पंप लगाने सहित विभिन्न तैयारियों के दावे किए जाते हैं, लेकिन तेज बारिश के बाद कई इलाकों में हालात फिर बिगड़ जाते हैं।
बारिश ने गर्मी से दी राहत, जलभराव ने बढ़ाई मुश्किल
एक तरफ बारिश से तापमान और उमस से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से भी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक रूप से सड़कों पर निकलने से बचने और ट्रैफिक संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
