धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को मिलेगी नई पहचान, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का फोकस : विपुल गोयल

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, लंबित परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के दिए निर्देश

कुरुक्षेत्र, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान देने के लिए हरियाणा सरकार ने विकास कार्यों में तेजी लाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने लघु सचिवालय में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कुरुक्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

Cabinet Minister Vipul Goel

बैठक में पर्यटन स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

विपुल गोयल ने कहा कि कुरुक्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि और श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेश की पवित्र भूमि है। यहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि कुरुक्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कुरुक्षेत्र में चल रहे प्रोजेक्ट्स की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेने के साथ-साथ भविष्य में शुरू की जा सकने वाली नई परियोजनाओं पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र को पर्यटन की मुख्यधारा में और मजबूती से लाने तथा यहां पर्यटकों का फुटफॉल बढ़ाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाना चाहिए। बैठक में जिला प्रशासन, नगर निकायों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कुरुक्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के समग्र विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना

समीक्षा बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है और दुनिया में हरियाणा की पहचान खिलाड़ियों के प्रदेश के रूप में मजबूत की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को तैयारी के दौरान आर्थिक सहायता, बेहतर खेल सुविधाएं, पदक जीतने पर पुरस्कार और भविष्य में रोजगार सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन के कारण हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top