फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। वार्ड नंबर-8 में टूटी सड़कों और पेयजल संकट से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग पर्वतीय कॉलोनी चौकी के सामने एकत्र हुए और सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इस दौरान कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में नगर निगम के कार्यकारी अभियंता भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की।

अधूरी सड़क बनी परेशानी की वजह
स्थानीय निवासी राम प्रसाद ने बताया कि करीब दो महीने पहले इलाके में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी, लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। सड़क खराब होने के कारण पानी के टैंकर गलियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित जलापूर्ति भी बाधित है और मजबूरी में परिवारों को पानी खरीदकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ रही है।
बारिश में बढ़ जाती है मुश्किल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के दौरान हालात और गंभीर हो जाते हैं। हल्की बारिश में ही गलियों और सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। जलभराव के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। लोगों ने यह भी बताया कि कई जगह सीवर के मैनहोल खुले पड़े हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि अधूरे निर्माण कार्य के चलते रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
नगर निगम ने जल्द काम पूरा करने का दिया भरोसा
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि जिस क्षेत्र में लोगों ने प्रदर्शन किया, वहां नई पानी और सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य जल्द पूरा कराने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य जल्द समाप्त कर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
सोर्स: दैनिक जागरण