दिल्ली-झांसी ताज एक्सप्रेस पर हमला, होडल के पास सरिया फेंकने से आठ यात्री घायल

फरीदाबाद (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे होडल रेलवे स्टेशन के पास एक सनसनीखेज घटना सामने आई। खेत में खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर नुकीला सरिया फेंक दिया, जो एसी कोच का शीशा तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। इस हमले में करीब आठ यात्री घायल हो गए।

ट्रेन का अगला ठहराव मथुरा रेलवे स्टेशन था, जहां पहुंचते ही घटना की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी गई। जीआरपी के डीएसपी राजेश चेची के अनुसार, रेलवे अपराध शाखा को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है। वहीं ट्रेन चालक की शिकायत के आधार पर मथुरा आरपीएफ ने मामला दर्ज कर लिया है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पटियाला में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कोशिश के दौरान एक संदिग्ध आतंकी मारा गया था। इसके बाद खुफिया एजेंसी (आईबी) ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। जीआरपी और आरपीएफ द्वारा लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा था, इसके बावजूद यह घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

मथुरा जीआरपी थाने में इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर इसे आगे की कार्रवाई के लिए पलवल जीआरपी थाने भेज दिया गया है। डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि शुरुआती जांच में यह किसी शरारती तत्व की हरकत लग रही है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

 

सोर्स: दैनिक जागरण

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top