डीसी ने ‘सुपर 40’ के पहले बैच के विद्यार्थियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया

रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विद्यार्थियों से कहा कि वे लक्ष्य हासिल करने के लिए अनुशासन में रहकर नियमित कठिन परिश्रम करें। उन्होंने ‘सुपर 40’ के पहले बैच से संवाद करते हुए नीट परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। हिसार रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी किसी से कम नहीं हैं। वे शिक्षा और खेल सहित कई क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

उपायुक्त ने नीट परीक्षा को लेकर टिप्स देते हुए कहा कि अधिकतर प्रश्न एनसीईआरटी से आते हैं, इसलिए उसी पर फोकस जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि 11वीं-12वीं के लिए व्यवस्थित शेड्यूल बनाकर कॉन्सेप्ट क्लियर कराएं। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि यह पहल बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ाने की अपील की।

सचिन गुप्ता ने बताया कि ‘सुपर 40’ कार्यक्रम हरियाणा सरकार के ‘सुपर 100’ से प्रेरित है। इसमें उन विद्यार्थियों को भी कोचिंग दी जाएगी जो ‘सुपर 100’ में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि अगले सत्र से 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक साल का नियमित कोर्स शुरू किया जाएगा। इसमें स्कूली पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने बताया कि इस योजना के तहत अनुभवी प्राध्यापक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं।

इस मौके पर गीता राठी, डॉ. श्वेता अहलावत, डॉ. सुनील मान, डॉ. दीपक अरोड़ा सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top