फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सेक्टर-15ए पुलिस चौकी क्षेत्र में मथुरा रोड स्थित नीलम फ्लाईओवर पर दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कार पंचर होने पर चालक जैसे ही नीचे उतरकर हवा भरने लगा, उसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश उसकी कार से बैग उठाकर फरार हो गए। पीड़ित भगत सिंह कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इम्पीरियल ऑटो कंपनी में एनपीडी विभाग में डिपार्टमेंट हेड के पद पर कार्यरत हैं।

कंपनी के काम से वह 26 जनवरी 2026 को मैक्सिको गए थे और 18 फरवरी को भारत लौटे थे। उनके पास कंपनी द्वारा दिए गए अमेरिकी और मैक्सिकन डॉलर में से कुछ राशि बची हुई थी, जिसे उन्होंने अभी तक जमा नहीं कराया था। 23 अप्रैल को वह अपनी कार से जा रहे थे जैसे ही उनकी कार नीलम फ्लाईओवर पर पहुंची, वह पंचर हो गई। वह नीचे उतरकर मशीन पंप से हवा भरने लगे, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और कार से बैग उठाकर फरार हो गए।
मनोज ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी चकमा देकर भाग निकले। पीड़ित के अनुसार, बैग में कंपनी का एचपी लैपटॉप, चार्जर और माउस मौजूद था। इसके अलावा एक ब्राउन पर्स में आईसीआईसीआई बैंक के दो एटीएम कार्ड, एचडीएफसी और आईडीएफसी के क्रेडिट कार्ड, एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वाहन की आरसी रखी थी। पर्स में करीब 6-7 हजार रुपये नकद भी थे।
इसके साथ ही बैग में करीब 48 हजार रुपये नकद, 1800 से 1900 अमेरिकी डॉलर और 9 हजार से 10 हजार मैक्सिकन डॉलर भी मौजूद थे। सेक्टर-15ए पुलिस चौकी ने शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।