एसजीएम नगर में केमिकल ड्रम ब्लास्ट से वर्कशॉप में आग, छत उड़ी; एक कर्मचारी झुलसा

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। एसजीएम नगर इलाके में गुरुवार सुबह एक ऑटो पार्ट्स वर्कशॉप में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना राजा चौक के पास की बताई जा रही है। आग के दौरान वर्कशॉप में रखा केमिकल से भरा ड्रम अचानक फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और टिन की छत उखड़कर दूर जा गिरी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद छत के टुकड़े दूर-दूर तक जा गिरे। इस हादसे में एक कर्मचारी के झुलसने की सूचना सामने आई है। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना स्थल संकरी गली में होने के कारण दमकल विभाग की बड़ी गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में छोटी फायर ब्रिगेड गाड़ी को बुलाया गया, जिसके जरिए आग पर काबू पाया गया।

बताया जा रहा है कि यह वर्कशॉप एनआईटी-5 निवासी प्रदीप की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले मुजेसर क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक फैक्ट्री में आग लगने के बाद कई केमिकल ड्रम फट गए थे। उस हादसे में करीब 15 लोग झुलस गए थे, जिनमें से पांच की मौत हो चुकी है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top