फरीदाबाद में गैस बुकिंग नियम बदले: डीबीसी उपभोक्ताओं के लिए इंतजार बढ़कर 35 दिन

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते एलपीजी आपूर्ति पर असर साफ दिखने लगा है। गैस संकट के बीच अब फरीदाबाद में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग नियमों में बदलाव किया गया है। एलपीजी कंपनियों ने डबल बॉटल कनेक्शन (DBC) वाले उपभोक्ताओं के लिए गैस सिलेंडर बुकिंग की अवधि बढ़ाकर 35 दिन कर दी है। मंगलवार देर शाम जारी निर्देशों के अनुसार, पहले यह अवधि 25 दिन थी, जिसे अब बढ़ाया गया है।

यानी डीबीसी उपभोक्ताओं को अब पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 35 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति होगी। एक गैस एजेंसी संचालक ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए बताया कि यह फैसला बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति को देखते हुए लिया गया है। वहीं, सिंगल बॉटल कनेक्शन (SBC) वाले उपभोक्ताओं के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। उनके लिए बुकिंग अवधि पहले की तरह 25 दिन ही बनी रहेगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। ऐसे में कंपनियों द्वारा यह कदम आपूर्ति संतुलन बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

 

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top