फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। फरीदाबाद जिला प्रशासन यह दावा कर रहा है कि शहर में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और कालाबाजारी भी नहीं हो रही है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि कई उपभोक्ता सुबह करीब 6 बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

इसी बीच सिलेंडर चोरी होने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला बाटा चौक के पास एसी नगर क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार यहां गैस भरवाने के लिए लाइन में लगे लोगों में से करीब तीन से चार उपभोक्ताओं के सिलेंडर चोरी हो गए। सिलेंडर चोरी होने से लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद कुछ लोग परेशान होकर अपने घर वापस लौट गए, जबकि एक व्यक्ति ने पीसीआर 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित उपभोक्ता ने बताया कि वह दो सिलेंडर लेकर एजेंसी पर आया था और पर्ची कटवाने के लिए अपने भांजों को सिलेंडर के पास खड़ा कर गया था। इसी दौरान किसी ने मौका पाकर दोनों सिलेंडर चोरी कर लिए। वहीं लाइन में लगी महिलाओं का कहना है कि वे सुबह करीब 6–7 बजे से एजेंसी के बाहर खड़ी थीं, लेकिन कई घंटों इंतजार करने के बाद एजेंसी कर्मचारियों ने उन्हें आज सिलेंडर देने से मना कर दिया और अगले दिन आने के लिए कहा।
इस मामले में जब एजेंसी संचालक से बात की गई तो उनका कहना था कि लोग अव्यवस्थित तरीके से लाइन में लग रहे हैं, जिसके कारण व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया है। इसी वजह से आज सिलेंडर वितरण रोककर लोगों को अगले दिन आने के लिए कहा गया है। पुलिस का कहना है कि टीम मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर चोरी करने वाला कौन है।
जल्द ही सिलेंडर बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत लगातार बनी हुई है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि बाजार में सिलेंडर 1500 रुपये तक में ब्लैक में बेचे जाने की चर्चाएं भी सुनने को मिल रही हैं, हालांकि एजेंसी संचालक ने इन आरोपों से इनकार किया है।
मंत्री का दावा हालात से अलग
हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पहले की तरह सामान्य है। नागर ने बताया कि हरियाणा में आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले एक सप्ताह में 14.2 किलो के कुल 185986 घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है। इन्हीं दिनों में बॉटलिंग प्लांट्स पर एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 1051268 है।
—