शादी की वेबसाइट के जरिए ठगी: विदेशी गिफ्ट का झांसा देकर महिला से 8.37 लाख रुपये ऐंठे

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शादियां करवाने वेबसाइट के जरिए शुरू हुई बातचीत एक महिला के लिए भारी पड़ गई। शादी के नाम पर संपर्क करने वाले साइबर ठगों ने विदेशी गिफ्ट भेजने का झांसा देकर उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

The image generated by artificial intelligence is used as the reference image.

पुलिस के अनुसार तिगांव क्षेत्र की एक महिला ने शादी के लिए एक वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल बनाया हुआ था। 7 अक्टूबर 2025 को उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसने वेबसाइट पर महिला की प्रोफाइल देखी है और आगे रिश्ते की बात करने के लिए उसके पिता से बातचीत करना चाहता है। कुछ दिनों बाद 11 अक्टूबर को महिला को एक अन्य नंबर से कॉल आया।

कॉल करने वाले ने खुद को विदेश से जुड़ा बताते हुए बताया कि यूके में रहने वाले गौरव नाम के व्यक्ति ने उसके लिए महंगे गिफ्ट भेजे हैं। साथ ही कहा गया कि गिफ्ट भारत पहुंच चुके हैं और उन्हें रिलीज कराने के लिए कस्टम ड्यूटी और अन्य शुल्क जमा कराने होंगे। ठगों ने महिला को बताया कि पार्सल में डायमंड रिंग, 6000 पाउंड नकद, आई फ़ोन 17 और सैमसंग का मोबाइल फोन, सोने की चूड़ियां और डायमंड नेकलेस भेजे गए हैं।

इसके अलावा यह भी कहा गया कि पार्सल लेने के लिए एक विशेष डायमंड कार्ड बनवाना होगा, जिसकी फीस 1,27,000 रुपये है। झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग बहानों से कई बार पैसे ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे शक हुआ तो पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी। जांच में सामने आया कि ठगों ने महिला से कुल 8,37,000 रुपये की ठगी की है। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की।

बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की पड़ताल के आधार पर पुलिस उत्तर प्रदेश के कानपुर पहुंची और वहां से दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि जिन बैंक खातों में ठगी की रकम आई थी, उनमें से एक खाते की मालिक महिला ने अपना बैंक खाता दूसरी महिला को इस्तेमाल के लिए दे दिया था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पड़ोसी हैं और दोनों की शिक्षा दसवीं कक्षा तक है।

जांच में यह भी पता चला कि ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये उसके खाते में आए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top