मुख्यमंत्री कप खेल प्रतियोगिता: 9 से 11 फरवरी तक आयोजन, 1096 से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पलवल के नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में 9 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री कप खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कबड्डी और खो-खो खेलों में लडक़े व लड़कियों के सीनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे।

उपायुक्त ने बताया कि इन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश भर से कुल 1096 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें 598 लडक़े तथा शेष लड़कियां शामिल होंगी। प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाडिय़ों के ठहरने की समुचित व्यवस्था श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय दूधौला में की गई है, ताकि खिलाडिय़ों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री कप खेल प्रतियोगिताएं राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करना तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर प्रदान करना है। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और वे अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित होते हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कप के माध्यम से खिलाडिय़ों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिलता है। यह प्रतियोगिताएं न केवल खिलाडिय़ों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं, बल्कि भविष्य के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों के चयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उपायुक्त ने सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top