लगभग 13.5 एकड़ में विकसित की जा रही थी अवैध कॉलोनियां
जिला में अवैध निर्माण व कॉलोनी नहीं होने दी जाएंगी विकसित
रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जिला प्रशासन रोहतक द्वारा रोहतक नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में अवैध रूप से किये जा रहे निर्माणों/कालोनियों को गिराने का अभियान निरंतर आज भी जारी रहा। इस अभियान के तहत जिला के गांव भैयापुर व मकडौली खुर्द में लगभग 13.5 एकड़ भूमि में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ चलाया गया, जिसमें 3 निर्माणाधीन, सीवरेज सिस्टम, 10 चारदीवारी, पक्का रोड़ नेटवर्क और डब्ल्यूबीएम रोड नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।

सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में अवैध निर्माण अथवा अवैध कॉलोनियों को नहीं पनपने दिया जाएगा। जिला में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन की कमाई को अवैध निर्माण या कॉलोनी में निवेश न करें। जिला प्रशासन द्वारा नियमित अंतराल पर अवैध निर्माण/कॉलोनी को गिराने का अभियान चलाया जाता है।
जिला प्रशासन द्वारा भैयापुर व मकड़ौली खुर्द गांव में चलाये गए इस तोड़-फोड़ अभियान में जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने व किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तोड़ फोड़ अमले के साथ मौजूद रहा। जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने नागरिकों से अपील की है कि वे डीलर/भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें।