नई दिल्ली /चंडीगढ़, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जैसे ही केंद्रीय कार्यालय में नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा हुई, वैसे ही हरियाणा के कार्यकर्ताओं ने मिठाईयां बांटकर उत्सव मनाया। सभी 27 जिलों के भाजपा कार्यालयों में पदभार का कार्यक्रम लाइव देखा गया तथा बूथ स्तर पर भी अनेक जगह ऐसे प्रबंध किए गए।

20 हजार 629 बूथों पर नितिन नबीन के अभिनंदन के होडिंग लगाए गए और सभी 377 मंडलों में कार्यकताओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच जश्न मनाया और एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। कुछ जगह लड्डू, तो कुछ जगह जलेबियां भी वितरित की गई। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाईयां खिलाई और भाजपा जिंदाबाद, नारों के साथ साथ और जय श्रीराम और भारत माता की जय के उद्घोष लगाए।
इससे पहले मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा नेता व पदाधिकारी दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। सभी नेता बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी नेताओं ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को हरियाणा टीम की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के संगठन पर्व की आज प्रक्रिया पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन ने पदभार ग्रहण किया है। बड़ौली ने कहा कि पदभार ग्रहण कार्यक्रम में पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भाजपा के विचारों को कार्यकर्ताओं के बीच रखा है।