भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में दर्जनभर विषयों पर हुआ डेढ़ घंटे तक मंथन

दिल्ली/चंडीगढ़, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में भाजपा की कोर ग्रुप बैठक आयोजित हुई, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, डॉ. सुधा यादव और कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में लगभग एक दर्जन विषयों पर डेढ़ घंटे तक गहन चर्चा हुई।

core group meeting of BJP

गुरुग्राम दौरे की रूपरेखा
बैठक की शुरुआत कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के 12 जनवरी को होने वाले गुरुग्राम दौरे की तैयारियों से हुई। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान नेताओं ने अंबाला, सोनीपत और पंचकूला में होने वाले नगर निकाय चुनावों पर भी चर्चा की और इसके लिए कमेटी बनाने का निर्णय लिया।

आगामी बजट और विजन 2047
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में आगामी बजट और सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए बजट पूर्व चर्चाएँ विभिन्न वर्गों में जाकर की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के सुझावों पर आधारित यह बजट हरियाणा को विकसित बनाने में सहायक होगा। बैठक में उपस्थित नेताओं ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर अपने सुझाव दिए।

संगठनात्मक और सरकारी कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सात प्रमुख कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इनमें वीबी जीरामजी जागरण अभियान, अटल स्मृति वर्ष, एसआईआर पर गृहमंत्री अमित शाह के भाषणों को सुनने के कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और नेक्स्टजेन जीएसटी रिफॉर्म्स शामिल रहे। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि इन कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को उजागर किया।

निकाय चुनाव और संगठनात्मक मजबूती
बैठक में स्थानीय निकायों और नगरपरिषदों को आत्मनिर्भर बनाने पर भी चर्चा हुई। बड़ौली ने कहा कि बीएलए-1 की नियुक्ति पूरी हो चुकी है और बीएलए-2 की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में किए गए संकल्पों में से 57 संकल्प पूरे कर लिए हैं। मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राजनीतिक हालातों पर विमर्श
बैठक में प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालातों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने संगठनात्मक विषयों और सरकारी योजनाओं पर अपने विचार रखे। बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों से जनता में पार्टी के प्रति सम्मान बढ़ा है और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को जनता ने नकारा है।

कांग्रेस पर निशाना
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंधेरे में तीर मारती है और केवल झूठ फैलाने का काम करती है। उन्होंने बताया कि कोर ग्रुप की बैठकें समय-समय पर होती रहती हैं, जिनमें संगठनात्मक और सरकारी विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाती है।

जीरामजी योजना पर बयान
मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करती रहती है। उन्होंने बताया कि जीरामजी योजना ऐतिहासिक है, जिसके तहत मजदूरों को 125 दिन का काम मिलेगा। यह योजना पूरी तरह पारदर्शी है और ग्रामीण क्षेत्रों में क्रांति लाने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस योजना के तथ्य जनता तक पहुँचा रहे हैं, जिससे कांग्रेस का झूठ उजागर हो रहा है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top